
लमगड़ा-कल्याणिका हिमालय देवस्थानम धर्मार्थ चिकित्सालय कनरा (डोल) में रविवार को निशुल्क नेत्र चिकित्सा विभाग का शुभारंभ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के ब्लॉक लमगड़ा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग और नेत्र रोगी उपस्थित रहे।उद्घाटन के बाद ज्योति नेत्रालय हल्द्वानी से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। शिविर में भीम सिंह, भैरव पांडे, सुरेंद्र कुमार, हरीश नगरकोटी, रमेश सिंह, नवीन कुमार सहित कई लोगों ने अपनी आंखों की जांच एवं उपचार कराया।इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि आंखों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या से पीड़ित व्यक्ति इस निशुल्क चिकित्सालय में आकर अपनी आंखों की जांच अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि यहां आंखों से संबंधित विभिन्न बीमारियों का उपचार एवं आवश्यक ऑपरेशन भी निशुल्क किए जाएंगे, जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।कार्यक्रम में ज्योति नेत्रालय हल्द्वानी के मैनेजर सुमित नैनवाल, दिनेश मेहरा, ऑप्टोमेट्रिस्ट दनेश एवं निकिता सहित चिकित्सा टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मनोज रावत, जिला सचिव देवेंद्र धौनी, जिला महामंत्री दीवान सतवाल, जिला पंचायत प्रतिनिधि दीपक फर्त्याल, जिला सचिव रमेश बिष्ट, मोहन नगरकोटी, कमल बिष्ट, दीपक मलड़ा, चंदन बोरा, नवीन राम, सुरेंद्र कुमार, मोहित सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों ने निशुल्क नेत्र चिकित्सा सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण जनता के लिए लाभकारी पहल बताया।
