

अल्मोड़ा-उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अल्मोड़ा आगमन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में कथित अनियमितताओं,छात्र विरोधी नीतियों,प्रोफेसर भर्ती में आरक्षण रोस्टर प्रणाली में गड़बड़ी,निर्माण कार्यों में घोटालों तथा शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ काले झंडे दिखाकर उग्र प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए।युवा कांग्रेस नेता गोपाल भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भर्ती घोटाले और पेपर लीक के मामलों ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है और छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम न्याय योद्धा हैं और छात्रों एवं युवाओं के हकों की लड़ाई लगातार लड़ते रहेंगे।
प्रदर्शनकारी युवा कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी पार्क चौघानपाटा से रैली निकालकर कार्यक्रम स्थल एस.एस.जे. विश्वविद्यालय की ओर बढ़े, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस प्रशासन ने कई युवा कांग्रेस नेताओं और छात्र नेताओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया,जिससे कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया।प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय बचाओ,कुलपति इस्तीफा दो,मुख्यमंत्री गो बैक और भ्रष्टाचार बंद करो जैसे नारे गूंजते रहे।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में पारदर्शिता समाप्त हो चुकी है तथा छात्रों और युवाओं की आवाज को पुलिस के बल पर दबाने का प्रयास किया जा रहा है।युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में लंबे समय से छात्र हितों की अनदेखी हो रही है।विश्वविद्यालय प्रशासन पर वित्तीय अनियमितताओं, पक्षपातपूर्ण नियुक्तियों,अतिथि व्याख्याताओं के उत्पीड़न और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। नेताओं का कहना था कि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन इन मामलों पर पूरी तरह मौन है।युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह ने कहा कि यदि कुलपति,कुलसचिव और परिसर निदेशक सहित जिम्मेदार अधिकारी पाक-साफ हैं तो छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से मिलने से क्यों रोका जा रहा है।वहीं नगर अध्यक्ष गौरव जोशी ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में लूटो-कमाओ और संरक्षण पाओ की संस्कृति हावी हो चुकी है।पूर्व छात्रसंघ उप सचिव गौरव सिंह सतवाल ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों और युवाओं की आवाज को इसी तरह दबाया गया तो आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा। युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव किरन आर्या ने राज्य सरकार और राज्यपाल से विश्वविद्यालय की प्रशासनिक,वित्तीय और शैक्षणिक कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।प्रदर्शन में गोपाल भट्ट,किरन आर्या,विक्रम फर्त्याल,गौरव सतवाल,गौरव जोशी,कमलेश बिष्ट,संतोष कुमार,विनय कनवाल,अभय बोरा,विशाल कनवाल,मनोज कुमार,आशीष संतोलिया,वीरेंद्र आर्य,दीक्षा सुयाल,दिव्यांश रावत,विशाल पडियार,रोहित पंत,फेमिना खान सहित अनेक युवा कांग्रेस एवं छात्र नेता मौजूद रहे।

