

अल्मोड़ा-उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल के न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी की अध्यक्षता में दिनांक 31 मई 2026 को प्रातः 11 बजे से राजकीय इंटर कॉलेज महरगांव तहसील लमगड़ा जनपद अल्मोड़ा में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम की भांति बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा।शिविर के सफल आयोजन एवं जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशानुसार विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शिविर में पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहने तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।शिविर में समाज कल्याण,बालविकास,स्वास्थ्य,राजस्व,विद्युत,पेयजल,शिक्षा,लोक निर्माण, कृषि,उद्यान,पशुपालन,पूर्ति, उद्योग,पर्यटन,श्रम,पंचायत, ग्राम्य विकास,युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे।विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्यवाही भी की जाएगी।
शिविर में आय,जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र,राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का निस्तारण, स्वास्थ्य परीक्षण,दिव्यांग प्रमाण पत्र,पेशन योजनाएं,कृषि एवं उद्यान संबंधी जानकारी, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं का प्रचार-प्रसार, श्रमिक पंजीकरण सहित विभिन्न जनसेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचाई जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

