
अल्मोड़ा-युवा कांग्रेस ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान लेप्रोसी मिशन कर्बला में बुजुर्गों को फल वितरित किए गए। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में आधुनिक तकनीक, सूचना क्रांति और युवाओं की राजनीतिक भागीदारी को नई दिशा दी। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने, 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने और देश को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। युवा कांग्रेस नेता एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य अधिवक्ता गोपाल भट्ट ने कहा कि राजीव गांधी के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। संगठन उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और देश की सेवा के लिए लगातार कार्य करता रहेगा। इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, प्रदेश महासचिव किरन आर्या, नगर अध्यक्ष गौरव जोशी, कमलेश बिष्ट, जिला महासचिव पारस डसीला, दीक्षा डसीला, बालकृष्ण जोशी, हिमांशु नेगी, दीपक डसीला समेत युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

