अल्मोड़ा-अल्मोड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर कोतवाली अल्मोड़ा और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 7.44 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 23 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।एसएसपी चंद्रशेखर घोडके द्वारा जिले में नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है।ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।इसी क्रम में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध स्मैक,चरस,गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।दिनांक 15 मई 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चन्द्र उपाध्याय और प्रभारी एसओजी/एएनटीएफ अल्मोड़ा के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम द्वारा धारानौला बाजार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया।चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली जिसके कब्जे से 7.44 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद की गई। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कोतवाली अल्मोड़ा में एफआईआर संख्या 43/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम बोरा उर्फ विक्की (22 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र बोरा निवासी ग्राम डुंगरी पेटशाल थाना धौलछीना जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर स्मैक के क्रय-विक्रय और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आनन्द बल्लभ कश्मीरा,हेड कांस्टेबल आसिफ हुसैन,कांस्टेबल राकेश खेतवाल तथा कांस्टेबल इरशाद उल्ला शामिल रहे।पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।लगातार हो रही कार्रवाइयों से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।


