अल्मोड़ा-वर्तमान में कोरोना महामारी से जबकि पूरा देश जूझ रहा है ऐसे में अल्मोड़ा के कुछ युवा ऐसे भी हैं जो दिन रात कोविड मरीजों और उनके तीमारदारों की मदद के लिए भरकस प्रयास कर रहे हैं।इन्हीं युवाओं में पहला नाम आता है भाजपा जिला मंत्री विनीत बिष्ट का।इनके द्वारा लगातार कोविड कन्ट्रोल रूम में आठ घन्टे बैठकर तथा उसके बाद घर से ही पूरा समय दूरभाष पर लोगों की समस्याएं जानी जा रही हैं और अविलम्ब यथासंभव उनका निराकरण भी किया जा रहा है।वर्तमान में कोविड मरीजों के लिए जरूरत पड़ने पर सबसे जरूरी आक्सीजन सिलेण्डर की व्यवस्था भी विनीत बिष्ट द्वारा की जा रही है तथा उनके द्वारा जरूरतमंदो तक स्वयं आक्सीजन सिलेण्डर पहुंचाया जा रहा है।व्यापार मंडल के पूर्व जिलाध्यक्ष हरेन्द्र वर्मा द्वारा इन विषम परिस्थितियों में आक्सीजन कन्सन्ट्रेटर उपलब्ध कराये गये हैं जिन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाने का कार्य श्री बिष्ट के द्वारा किया जा रहा है।भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला भी इन विषम परिस्थितियों में लगातार लोगों की यथासम्भव मदद कर रहे हैं।चाहे आक्सीमीटर हो,चाहे राशन हो या दवा की किट हो इन युवाओं द्वारा लगातार जरूरतमंदों को उपलब्ध कराई जा रही है।इन युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ दे रहे हैं पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव गोस्वामी।किसी भी जरूरतमंद को स्वास्थ्य सुविधाओं, राशन या अन्य आवश्यक वस्तुओं की जरूरत होने पर इन युवाओं के द्वारा उनकी अविलम्ब मदद की जा रही है जो काबिल ए तारीफ है।उम्मीद संस्था के द्वारा भी इस कार्य में लगातार सहयोग किया जा रहा है।बेस हास्पिटल में भर्ती कोविड मरीजों के तीमारदारों के रहने व खाने का जिम्मा उठाया है नगर के युवा व्यवसायी राहुल बोरा ने।उन्होंने कोविड के इस विपरीत समय में अपने होटल(बेस हास्पिटल के निकट)को सेवाघर में तब्दील कर दिया है जिसमें इनके द्वारा तीमारदारों के सोने की एवं आवश्यकता पड़ने पर खाने की निशुल्क व्यवस्था की जा रही है।इस सेवा घर का लाभ अभी तक कोविड मरीजों के लगभग 120 से अधिक तीमारदार उठा चुके हैं।अल्मोड़ा के इन युवाओं ने ऐसी विषम परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों की मदद का जो बीड़ा उठाया है यह वास्तव में अनुसरण करने योग्य है।इन युवाओं के द्वारा की जा रही पहल का लाभ आज सैकड़ो लोगों को मिल रहा है।और वास्तव में कोविड मरीजों के साथ बाहर से आये हुए लोग जिनके रहने,खाने की व्यवस्था का कोई ठिकाना नहीं था इन युवाओं के द्वारा उनको आसरा दिया गया जो अपने आप में एक मिसाल है।इन युवाओं के द्वारा यह सब अपने निजी खर्चे पर किया जा रहा है।भाजपा जिला मंत्री से बात होने पर उन्होंने बताया कि वे एवम् उनके साथी लगातार 24 घण्टा जरूरतमंदों के लिए उपलब्ध हैं तथा इस कोविडकाल में किसी भी जरूरतमंद को आवश्यकता होने पर वह उनसे सम्पर्क कर सकता है।