अल्मोड़ा-बीते दिन आए आंधी-तूफान के चलते मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) कार्यालय परिसर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया,जब एक विशाल पेड़ कार्यालय की छत पर आ गिरा।पेड़ गिरने से भवन को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रही,साथ ही कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता का माहौल रहा।घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग द्वारा तत्काल जिला आपदा प्रबंधन विभाग को सूचित किया गया।सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।टीम ने बिना समय गंवाए वुडकटर मशीन की सहायता से गिरे हुए पेड़ को काटकर सुरक्षित तरीके से हटाया।इस दौरान पूरी प्रक्रिया को सावधानीपूर्वक अंजाम दिया गया ताकि भवन को और अधिक क्षति न पहुंचे और किसी प्रकार की जनहानि की संभावना समाप्त की जा सके।
इस अभियान में आपदा प्रबंधन टीम के सदस्य भुवन चंद्र कांडपाल,सहायक कन्सलेटर, गोविंद सतपाल,आलोक वर्मा एवं कैलाश सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।सभी सदस्यों ने समन्वय और तत्परता के साथ कार्य करते हुए स्थिति को शीघ्र नियंत्रण में लिया।वहीं शिक्षा विभाग की ओर से भी इस कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया।विभाग के कर्मचारी जगदीश सोनल,चन्द्रशेखर एवं बसन्त कनवाल ने मौके पर मौजूद रहकर टीम का सहयोग किया और राहत कार्य को सफल बनाने में योगदान दिया।शिक्षा विभाग ने आपदा प्रबंधन टीम की इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया है।विभागीय अधिकारियों ने कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा नुकसान टल गया और कार्यालय परिसर को सुरक्षित कर लिया गया।स्थानीय स्तर पर भी इस कार्य की सराहना की जा रही है।लोगों का कहना है कि आपदा प्रबंधन टीम की तत्परता और कुशल कार्यशैली के चलते संभावित खतरे को समय रहते टाल दिया गया जो सराहनीय है।
