अल्मोड़ा-दिनांक 22 अप्रैल को नगर के ऐतिहासिक विद्यालय पी एम श्री राजा आनन्द सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में आज एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पी वी कुलकर्णी द्वारा विद्यार्थियों को कैरियर काउंसलिंग एवं एनसीसी के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या विजया पंत,तोषी टम्टा, अनुराधा साह जनौटी,कमला शर्मा,एनसीसी अधिकारी उमा तिवारी सहित सभी शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमांडिंग ऑफिसर कर्नल कुलकर्णी ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन,नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) केवल एक सह-पाठ्यक्रम गतिविधि नहीं है, बल्कि यह युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। एनसीसी के माध्यम से छात्र-छात्राएं सेना,नौसेना एवं वायुसेना में करियर बनाने के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एनसीसी सी प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले कैडेट्स को रक्षा सेवाओं में विशेष वरीयता दी जाती है।साथ ही गणतंत्र दिवस परेड,विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शिविरों में भाग लेने का अवसर भी मिलता है,जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और अनुभव दोनों समृद्ध होते हैं।कैरियर काउंसलिंग सत्र में विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों जैसे रक्षा सेवाएं, प्रशासनिक सेवाएं, तकनीकी क्षेत्र तथा अन्य पेशेवर विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन दिया गया।कमांडिंग ऑफिसर ने छात्रों को अपने छात्र जीवन से ही अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार सही दिशा चुनने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे,जिनका उत्तर देते हुए अधिकारी ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।प्रधानाचार्य ने इस ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी सत्र के लिए कमांडिंग ऑफिसर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *