अल्मोड़ा-रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा आपदा और आपातकालीन स्थितियों में जरूरतमंदों की सहायता के क्रम में द्वाराहाट क्षेत्र के ग्राम भतौरा (बिन्ता) में चिकित्सा एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में डॉक्टर जे.सी. दुर्गापाल ने ग्रामीणों को आंखों की देखभाल के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आंखें जीवन का अनमोल उपहार हैं और गर्मी के मौसम में धूल से बचाव के लिए समय-समय पर ठंडे पानी से आंखें धोना चाहिए। उन्होंने आंखों के कुछ सरल व्यायाम भी बताए। रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन आशीष वर्मा ने गर्मी में ताजा भोजन करने, स्वच्छ जल पीने और नियमित व्यायाम करने पर जोर दिया। उन्होंने हृदय रोगियों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए दैनिक पैदल चलने की सलाह दी। कार्यक्रम में सोसाइटी के राज्य उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने रक्तदान के महत्व को बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील की। इस दौरान सोसाइटी की ओर से जरूरतमंदों को 15 कंबल, 15 तिरपाल, 10 आंखों के चश्मे और 2 बर्तन सेट वितरित किए गए। सरपंच कमला कैड़ा ने सोसाइटी के कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि इस कार्यक्रम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के साथ-साथ रक्तदान के महत्व को भी समझने का अवसर मिला। शिविर में रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन आशीष वर्मा, डॉक्टर जे.सी. दुर्गापाल, राज्य उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, सदस्य अनूप साह, सरपंच कमला कैड़ा सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *