अल्मोड़ा-उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ द्वारा आहूत हड़ताल के बीच एक अहम प्रेस नोट जारी कर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं।महासंघ ने कहा है कि कुछ अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र का अतिक्रमण करते हुए आदेश जारी कर रहे हैं और कार्य करवा रहे हैं जो नियमों के विपरीत है।महासंघ ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड शासन की हठधर्मिता के चलते लंबे समय से लंबित मांगों के समर्थन में उन्हें हड़ताल पर जाने को विवश होना पड़ा है।इसके बावजूद भी अधिकारियों द्वारा मनमाने आदेश जारी किए जा रहे हैं जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।प्रेस नोट में महासंघ ने सभी संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि जो भी आदेश अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर जारी किए जा रहे हैं,उनका न केवल पुरजोर विरोध किया जाएगा बल्कि ऐसे आदेशों की वैधानिकता को भी विभिन्न मंचों पर चुनौती दी जाएगी।महासंघ ने दो टूक कहा कि यदि इस प्रकार की कार्यवाही पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
