अल्मोड़ा-जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में विधानसभा क्षेत्र सल्ट,सोमेश्वर, जागेश्वर एवं रानीखेत के अंतर्गत मा० मुख्यमंत्री द्वारा दिनांक 4 जुलाई 2021 से अब तक की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं सरकार की प्राथमिकता में हैं, अतः इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रगति पर चल रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की अद्यतन स्थिति समय-समय पर पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि उच्च स्तर पर सटीक जानकारी उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचना चाहिए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा कार्यों में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त सभी विभागों को निर्धारित प्रारूप में समय से अद्यतन सूचनाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
