अल्मोड़ा-विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस यूथ की ओर से एक परिचर्चा आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य जागरूकता और रक्तदान के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। परिचर्चा में यूथ रेडक्रॉस के अध्यक्ष अमित साह मोनू ने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद की जान बचाना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान करने और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। रेडक्रॉस स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष डॉ. जे.सी. दुर्गापाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए नियमित दिनचर्या और संतुलित खान-पान आवश्यक है। उन्होंने प्रतिदिन चलने, नशे से दूर रहने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। रेडक्रॉस के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने संस्था की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रेडक्रॉस आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहती है। कार्यक्रम के अंत में रेडक्रॉस के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने कहा कि वर्तमान जीवनशैली के कारण हृदय रोगियों की संख्या बढ़ रही है, इसलिए समय रहते बचाव जरूरी है। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस समय-समय पर स्कूलों में जाकर सीपीआर का प्रशिक्षण भी देता है। इस दौरान पार्षद एवं यूथ उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह बिष्ट ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में आशीष वर्मा, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, मनोज सनवाल, दीप जोशी, अमित साह मोनू, अर्जुन सिंह बिष्ट, मनोज भंडारी, शंकर दत्त भट्ट, अभिषेक जोशी, कृष्ण बहादुर सिंह, मोहन चंद्र कांडपाल, अनूप साह, नितिन भंडारी, दिव्यांशु बिष्ट, कार्तिक जोशी, अनुज साह, शिवा जोशी और प्रतीक जोशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *