अल्मोड़ा-नगर निगम सभागार में पार्षदों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें हाल ही में जिलाधिकारी द्वारा नगर बाजार क्षेत्र में किए गए निरीक्षण पर चर्चा की गई। पार्षदों ने निरीक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यदि उन्हें पूर्व में इसकी सूचना मिलती तो वे अपने-अपने वार्डों की समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत करा सकते थे। बैठक में पिछले दिनों सोशल मीडिया पर महापौर को लेकर प्रसारित कथित भ्रामक और तथ्यहीन टिप्पणियों पर भी चिंता व्यक्त की गई। पार्षदों ने कहा कि बिना आधिकारिक जानकारी के इस प्रकार की बयानबाजी कर आम जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है, जो निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस दिन जिलाधिकारी का भ्रमण हुआ, उस कार्यक्रम की जानकारी महापौर को नहीं थी, ऐसे में बिना तथ्य के टिप्पणी करना उचित नहीं है। पार्षदों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से नगर की छवि धूमिल होती है और इसकी वे सामूहिक रूप से निंदा करते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह के भ्रामक और तथ्यहीन समाचार प्रसारित किए जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए सभी पार्षद एकजुट होकर कदम उठाएंगे। बैठक में पार्षद दीपक कुमार,वंदना वर्मा,भूपेंद्र जोशी, आशा बिष्ट, गुंजन सिंह चम्याल, चंचल दुर्गापाल,रोहित कार्की, नेहा टम्टा, जानकी पाण्डेय, अनूप भारती, अंजू बिष्ट,मुकेश कुमार डैनी, कुलदीप मेर, गीता बिष्ट, नवीन चंद्र आर्य, मधु बिष्ट आदि पार्षद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *