अल्मोड़ा-नगर में लागू वन-वे यातायात व्यवस्था को लेकर होटल व्यवसायियों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।इसी क्रम में होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और समाधान की मांग की।बैठक के दौरान होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण वर्मा ने कहा कि माल रोड पर लागू वन-वे व्यवस्था के कारण होटल व्यवसाय पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। पर्यटकों को होटल तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है जिससे न केवल उनकी सुविधा प्रभावित हो रही है बल्कि इसका सीधा असर व्यवसाय पर भी पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि कई पर्यटक वन-वे व्यवस्था के कारण भ्रमित हो जाते हैं और होटल तक पहुंचने में देरी होती है जिससे उनकी यात्रा का अनुभव भी खराब हो रहा है। इसके अलावा होटल संचालकों को दैनिक जरूरतों,विशेषकर पानी के टैंकरों की आपूर्ति में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।एसोसिएशन ने विशेष रूप से मांग रखी कि होटलों में पानी की आपूर्ति करने वाले टैंकरों को वन-वे व्यवस्था में आंशिक छूट दी जाए ताकि आवश्यक सेवाएं बाधित न हों। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि प्रशासन को ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे पर्यटकों और स्थानीय व्यापारियों दोनों को राहत मिल सके।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान इस तरह की समस्याएं और अधिक गंभीर हो जाती हैं जिससे शहर की छवि पर भी असर पड़ सकता है।उन्होंने प्रशासन से अपील की कि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी पहलुओं पर विचार कर उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ व्यापारियों और पर्यटकों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।इस दौरान होटल एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने भी अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।होटल एसोसिएशन अध्यक्ष अरुण वर्मा,उपाध्यक्ष धर्म सिंह बिष्ट,दिलजोत सिंह,नमन गुरुरानी उपसचिव,हितेश (हनी) वर्मा मीडिया प्रभारी,शेखर जोशी,पार्षद अमित साह,पार्षद अभिषेक जोशी,व्यापार मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र शाह, पार्षद भूपेन्द्र जोशी आदि उपस्थित रहे।
