अल्मोड़ा-जनपद के बाड़ेछीना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक पिकअप वाहन ने एक के बाद एक चार वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। घटना शाम करीब 5:40 बजे की है। डायल 112 के माध्यम से थाना धौलछीना को सूचना मिली कि पिकअप वाहन संख्या यूपी 22 टीए 7521 ने कई वाहनों को टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। दुर्घटना में स्कूटी चालक सहित एक महिला और एक पुरुष घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने स्कूटी सवार और महिला को बेहतर उपचार के लिए बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन दन्या से अल्मोड़ा की ओर आ रहा था। चालक की पहचान मोनू ठाकुर निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो घटना के बाद फरार हो गया। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के परिचालक द्वारा ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर चालक की तलाश में जुटी है।
