अल्मोड़ा-महिला कांग्रेस ने आज कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर देश और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था,लगातार बढ़ रहे महिला अपराधों और महंगाई जैसे मुद्दों पर गहरी चिंता व्यक्त की। इस दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो गई है और सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाने में विफल साबित हो रही है।प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि देशभर में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।दुष्कर्म,यौन शोषण और उत्पीड़न के मामले आम होते जा रहे हैं,लेकिन न तो केंद्र सरकार और न ही राज्य सरकारें इन मामलों में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करती नजर आ रही हैं।उन्होंने उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक रही है,जिसने पूरे राज्य को झकझोर दिया था।इसके बावजूद आज भी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है।महिला कांग्रेस ने हाल ही में उधमसिंह नगर के रुद्रपुर में सामने आए नर्स दुष्कर्म और हत्या कांड का भी जिक्र किया।वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं,चाहे वह कार्यस्थल हो या सार्वजनिक स्थान।प्रेस वार्ता में यह भी कहा गया कि सरकार बार-बार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक महिलाएं भय के साये में जीने को मजबूर हैं और उनके लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
इसके अलावा बेरोजगारी के मुद्दे पर भी महिला कांग्रेस ने सरकार को घेरा। वक्ताओं ने कहा कि आज देश का युवा डिग्री हाथ में लेकर रोजगार के लिए भटक रहा है। सरकारी नौकरियां या तो निकल नहीं रही हैं और यदि निकलती भी हैं तो पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं।युवाओं के पलायन पर चिंता जताते हुए कहा गया कि रोजगार के अभाव में गांवों से शहरों और शहरों से विदेशों की ओर पलायन बढ़ता जा रहा है, जिससे सामाजिक और आर्थिक संतुलन भी प्रभावित हो रहा है।
महंगाई और रसोई गैस के बढ़ते दामों को लेकर भी महिला कांग्रेस ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतें आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुकी हैं, जिससे घरेलू बजट बिगड़ गया है। वहीं कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत के चलते होटल, ढाबे और छोटे रेस्टोरेंट संचालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।उज्ज्वला योजना पर सवाल उठाते हुए महिला कांग्रेस ने कहा कि सरकार ने भले ही कनेक्शन दिए हों, लेकिन गैस के बढ़ते दामों के कारण महिलाएं फिर से धुएं में खाना बनाने को मजबूर हो गई हैं, जिससे योजना का उद्देश्य अधूरा रह गया है।अंत में महिला कांग्रेस ने सरकार से महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने,अपराधों पर सख्त कार्रवाई करने, महंगाई पर नियंत्रण लगाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की मांग की।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संगठन सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगा। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, महिला कांग्रेस सेवादल प्रदेश अध्यक्ष शोभा जोशी,प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीति बिष्ट,प्रदेश सचिव लीला बिष्ट,जिला महामंत्री जया जोशी,जिला महामंत्री तारा तिवारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *