अल्मोड़ा-नगर के थपलिया क्षेत्र में तेंदुए की बढ़ती आवाजाही की सूचना के बाद वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार 30 मार्च 2026 को वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त कर हालात का जायजा लिया और सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैप कैमरा भी स्थापित किया।वन विभाग की टीम ने 1 किलोमीटर क्षेत्र में गश्त कर संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया।इस दौरान तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रणनीतिक स्थानों पर ट्रैप कैमरा लगाए गए।गश्त के दौरान विभागीय टीम ने क्षेत्रवासियों को मानव-वन्यजीव संघर्ष के प्रति जागरूक किया।लगभग 16 लोगों को सीधे संवाद के माध्यम से सावधानी बरतने के उपाय बताए गए।अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि सतर्कता और जागरूकता से ही ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।वन विभाग ने लोगों से अपील की कि घर,रास्तों और आंगन में पर्याप्त रोशनी रखें, झाड़ियों और ऊंची घास को साफ रखें तथा बच्चों को रात के समय अकेले बाहर न भेजें।साथ ही सुबह-शाम और रात के समय समूह में निकलने की सलाह दी गई।अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि तेंदुआ दिखाई दे तो घबराएं नहीं, बल्कि धीरे-धीरे पीछे हटें और किसी भी स्थिति में उसकी फोटो या वीडियो लेने का प्रयास न करें।ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना देना बेहद जरूरी है।इस गश्त अभियान में वन दरोगा अमित सिंह भैसोड़ा, क्यूआरटी प्रभारी सत्येंद्र सिंह नेगी और वन बीट अधिकारी विवेक तिवारी सहित विभागीय टीम के सदस्यो के अलावा बद्रेश्वर वार्ड की पार्षद जानकी पांडेय,प्रकाश चंद्र जोशी,पूजा जोशी,अंकित जोशी,सुधीर बिष्ट,दिनेश पांडे,तारा तिवारी,अंकित तिवारी आदि भी मौजूद रहे।वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम पूरी तरह तैयार है।स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपेक्षा की गई है ताकि मानव और वन्यजीव के बीच संतुलन बनाए रखा जा सके।






