अल्मोड़ा-धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद अल्मोड़ा के मल्ला महल में बहुउद्देशीय शिविर एवं कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने चार वर्षों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए राज्य के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनसामान्य को योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मेयर नगर निगम अजय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीते चार वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास, विश्वास और सुशासन का एक सशक्त मॉडल प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून एवं नकल विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने राज्य की पहचान को नई दिशा दी है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया । उन्होंने कहा कि सरकार ने बीते चार वर्षों में विकास के साथ-साथ सुशासन की नई कार्य संस्कृति स्थापित की है। राज्य की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि दर्ज की गई है। रोजगार के अवसरों में विस्तार करते हुए हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है और नकल विरोधी कानून के माध्यम से भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया गया है।उन्होंने कहा कि राज्य में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित हुआ है, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिली है। साथ ही, महिलाओं के सशक्तिकरण, स्टार्टअप को बढ़ावा, तथा पर्यटन क्षेत्र में रिकॉर्ड वृद्धि राज्य की उपलब्धियों को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून एवं भू-कानून जैसे निर्णयों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक संतुलन को सुदृढ़ किया गया है।इस अवसर पर पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान,पूर्व विधायक कैलाश शर्मा,भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल,मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा,अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र,उप जिलाधिकारी संजय कुमार, भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट,रवि रौतेला,कुंदन लटवाल, पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक,सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन ने प्रतिभाग किया।






