अल्मोड़ा-जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला अस्पताल एवं बेस अस्पताल में संचालित ब्लड बैंकों के सुदृढ़ संचालन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लड बैंकों की कार्यप्रणाली,उपलब्ध संसाधनों एवं रक्त की मांग-आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ब्लड बैंकों का संचालन व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकतानुसार रक्त का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर एवं आसानी से रक्त उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के भी निर्देश दिए तथा कहा कि इस पुण्य कार्य में सभी को बढ़ चढ़कर आगे आना चाहिए तथा एक दूसरे के सहयोग से व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाना चाहिए।उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने हेतु व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने पर बल दिया, जिससे अधिक से अधिक लोग इस पुण्य कार्य में भागीदारी कर सकें।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि रेयर ब्लड ग्रुप वाले दाताओं का एक व्यवस्थित एवं अद्यतन रिकॉर्ड तैयार किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनसे तत्काल संपर्क कर रक्तदान कराया जा सके।बैठक में यह सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया कि ब्लड बैंकों में उपलब्ध रक्त की जानकारी पारदर्शी एवं सुगम रूप से उपलब्ध हो, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए ब्लड बैंक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए।बैठक में प्रिंसिपल राजकीय मेडिकल कॉलेज सीपी भैंसोड़ा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ योगेश पुरोहित, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित शाह मोनू सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *