हरड़ा-उत्तराखंड ग्रामीण बैंक हरड़ा शाखा ने अपनी संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए एक दिवंगत शिक्षक के परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह पवार जो कि एक राजकीय शिक्षक के पद पर कार्यरत थे जिनका एक सड़क दुर्घटना में दुखद निधन हो गया था।इस कठिन समय में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक हरड़ा शाखा द्वारा सरकार के वेतन पैकेज के अंतर्गत प्रदान की जाने वाली दुर्घटना बीमा योजना के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके परिवार को 45 लाख रुपये का बीमा क्लेम स्वीकृत कर दिया गया।शाखा प्रबंधक यतिन जोशी एवं कार्यालय सहायक मोहित चंद्र तिवारी के कुशल मार्गदर्शन और तत्परता के कारण यह संपूर्ण प्रक्रिया बेहद शीघ्रता और पारदर्शिता के साथ पूरी की गई।बैंक प्रबंधन द्वारा आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में दिवंगत के परिजनों को 45 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।इस अवसर पर शाखा प्रबंधक यतिन जोशी ने कहा कि बैंक हमेशा अपने ग्राहकों के साथ खड़ा है और ऐसी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना बैंक की प्राथमिकता है।स्थानीय लोगों ने भी बैंक की इस पहल की सराहना की है और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताया है।
