अल्मोड़ा-नगर के धारानौला क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या और पार्किंग की कमी को देखते हुए नई पार्किंग स्थलों के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में क्षेत्र के पार्षदों ने जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अभियंताओं के साथ मौके पर पहुंचकर संभावित स्थलों का निरीक्षण किया और पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त स्थानों को प्वाइंट आउट किया।निरीक्षण के दौरान पार्षदों ने अभियंताओं को धारानौला क्षेत्र में उन स्थानों की जानकारी दी, जहां पार्किंग का निर्माण किया जा सकता है और जिससे बाजार व आसपास के क्षेत्रों में लगने वाले जाम से राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि धारानौला शहर का एक महत्वपूर्ण और व्यस्त क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन पहुंचते हैं, लेकिन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।पार्षदों ने अधिकारियों से कहा कि यदि चिन्हित स्थानों पर जल्द पार्किंग का निर्माण किया जाता है तो न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।जिला विकास प्राधिकरण के अभियंताओं ने भी स्थलों का निरीक्षण कर तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया और कहा कि चिन्हित स्थानों का प्रस्ताव तैयार कर आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी आवश्यक मानकों को ध्यान में रखते हुए पार्किंग निर्माण की योजना तैयार की जाएगी।स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही धारानौला क्षेत्र में पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान निकल सकेगा और आए दिन लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी। इस अवसर पर पार्षद दीपक कुमार,पार्षद अनूप भारती, पार्षद मधु बिष्ट,पार्षद चंचल दुर्गापाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *