अल्मोड़ा-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कांगो ब्रिगेड की 19 सिख रेजीमेंट (विजय बटालियन) द्वारा अल्मोड़ा छावनी स्थित गोरखा हॉल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का भव्य आयोजन किया गया।इस मानवीय पहल के माध्यम से भारतीय सेना ने समाज सेवा और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया।शिविर का संचालन राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के प्राचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश भैसोड़ा के निर्देशन में तथा डॉ. अनिल पांडेय के मार्गदर्शन में मेडिकल कॉलेज की ब्लड बैंक टीम द्वारा किया गया।पूरे कार्यक्रम में सेना और मेडिकल टीम के सहयोग से व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं।रक्तदान शिविर के दौरान कुल 20 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।वहीं महिला दिवस के उपलक्ष्य में 38 महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच और ब्लड ग्रुप परीक्षण निशुल्क किया गया।इस स्वास्थ्य शिविर से महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का भी अवसर मिला।कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं को ब्लड बैंक टीम द्वारा स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर विजय बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सिविल प्रशासन और मेडिकल स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।वहीं मेजर डॉ. निखिल बैंस ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल किसी की जान बचाने का माध्यम ही नहीं है बल्कि यह एक स्वस्थ और संवेदनशील समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं को आगे आकर इस पुनीत कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने नारी शक्ति के सम्मान के साथ-साथ समाज सेवा की भावना को भी मजबूत करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *