अल्मोड़ा-जिला पंचायत अल्मोड़ा की बैठक आज जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैडा द्वारा की गई, जिसमें जनपद के विकास कार्यों, आगामी वित्त वर्ष के लिए बजट पर चर्चा, विभिन्न योजनाओं की प्रगति तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं और विकास कार्यों के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर बल दिया गया।इस बैठक में वित्त वर्ष 2026 – 27 हेतु अनुमानित 74 करोड़ रुपए का बजट पारित किया गया। जिला पंचायत की आय में वृद्धि करने के लिए संपत्तियों के सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव भी पारित हुआ।जिला पंचायत की परिसंपत्तियों की सुरक्षा करने तथा उनकी तारबाड़ करने के विषय पर भी सदस्यों में सहमति बनी। इसके अतिरिक्त जिला पंचायत की आय में वृद्धि के लिए परिसंपत्तियों को लीज पर दिए जाने के विषय पर भी सहमति जताई गई।बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।अध्यक्षता कर रही जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैडा ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत जनपद के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बैठक में सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता से आंगन लेकर उनका निदान करना सुनिश्चित करें।बैठक में विधायक जागेश्वर मोहन सिंह मेहरा, उपाध्यक्ष जिला पंचायत सुरेंद्र सिंह नेगी के अलावा सदस्यगण, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *