अल्मोड़ा-उत्तराखंड की वादियों और देवदार के घने जंगलों के बीच फिल्माई गई बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जब खुली किताब’ 6 मार्च को ओटीटी मंच जी5 पर प्रदर्शित होने जा रही है। प्रसिद्ध अभिनेता सौरभ शुक्ला के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर अल्मोड़ा और रानीखेत क्षेत्र में विशेष उत्साह है, क्योंकि इसमें स्थानीय कलाकारों को भी अभिनय का अवसर मिला है। पारिवारिक पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में भारतीय सिनेमा के चर्चित कलाकार पंकज कपूर और डिंपल कपाड़िया मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की खासियत यह है कि इसमें उत्तराखंड के रंगकर्मियों और स्थानीय कलाकारों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है, जिससे पहाड़ की सांस्कृतिक झलक भी दर्शकों को देखने को मिलेगी। फिल्म में अल्मोड़ा के वरिष्ठ रंगकर्मी गिरीश धवन, कमलेश पांडे और दीवान कनवाल ने अभिनय किया है। बाल कलाकार शिवाय पोखरिया और रक्षित तिवारी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा लाफ्टर क्लब से जुड़ी जया शाह और विमला बोरा ने भी फिल्म में अपने किरदारों को जीवंत रूप दिया है। वहीं नैनीताल से अनिल घिल्डियाल, एच. एस. राणा, मदन कुमार, राजेश आर्य और बिजेन्दर कौर जैसे कलाकारों ने भी अभिनय किया है। फिल्म से जुड़े कलाकारों के अनुसार ‘जब खुली किताब’ एक पूर्णतः पारिवारिक कहानी है, जिसमें रिश्तों की गर्माहट, जीवन की खट्टी-मीठी यादें और परिवार के भीतर आने वाले उतार-चढ़ाव को केंद्र में रखा गया है। फिल्म की अधिकांश शूटिंग अल्मोड़ा और रानीखेत के प्राकृतिक स्थलों पर की गई है, जिससे दर्शकों को पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय जीवन शैली की झलक देखने को मिलेगी। काफी समय से प्रतीक्षित यह फिल्म अब 6 मार्च को दर्शकों के सामने आने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *