अल्मोड़ा-जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सोमवार को मुंशी हरि प्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया गया। कार्यक्रम के तहत एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि मुंशी हरि प्रसाद टम्टा का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और दलित व वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज के पिछड़े तबकों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि उनकी पुण्यतिथि को सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाना उनके विचारों और संघर्षों को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि टम्टा ने समाज में फैली असमानता के खिलाफ आवाज उठाई और शिक्षा व जागरूकता को परिवर्तन का माध्यम बनाया। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से समरसता और भाईचारे के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इन सिद्धांतों पर कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से टम्टा के आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता व सौहार्द को मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडेय, पूरन रौतेला, विनोद वैष्णव, राधा बिष्ट, शहजाद कश्मीरी, तारा चंद्र साह, वैभव पांडेय, दीपक कुमार, निर्मल रावत, दानिश खान, पारितोष जोशी, जगदीश पांडेय, जगदीश तिवारी, ललित सतवाल, आनंद बिष्ट, कार्तिक साह, विश्वास टम्टा, मुकेश कुमार, नारायण दत्त पांडेय, मनोज वर्मा, आशा शर्मा, प्रकाश डसीला, बलवंत टम्टा, गजेंद्र फर्तियाल, बी के भट्ट, नरेंद्र बनोला और तारा मेहरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *