अल्मोड़ा-शनिवार को नगर के चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में पुलवामा हमले की बरसी पर शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।इस मौके पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, पूर्व सैनिकों, सशस्त्र सीमा बल और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं ने एकत्र होकर दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले को याद करते हुए कहा कि इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 40 जवान शहीद हुए थे। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक आतंकी हमला नहीं थी, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक गंभीर चेतावनी भी थी, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने की आवश्यकता को रेखांकित किया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद जवानों का साहस और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा गया कि देश अपने वीर सपूतों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। इस अवसर पर नगर के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर शहीदों को याद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *