अल्मोड़ा-दन्या क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले को लेकर शनिवार को व्यापक आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में चित्रगुप्त पीठ जागेश्वर के नेतृत्व में जागेश्वर से दन्या बाजार तक आक्रोश रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। रैली का नेतृत्व महामंडलेश्वर लाला बाबा ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही बाहरी लोगों के सत्यापन की व्यवस्था मजबूत करने, संदिग्ध व्यक्तियों को किराये पर न रखने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग उठाई गई। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। रैली में ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश भट्ट, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉक्टर नीरज पंत, पूर्व मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह डसीला सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा पहाड़ी छोरा ग्रुप के पदाधिकारी, क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग रैली में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *