अल्मोड़ा-कुमाऊ फुटबॉल प्रीमियर लीग के आयोजन को लेकर मंगलवार को फुटबॉल एसोसिएशन अध्यक्ष हरीश कनवाल एवं सचिव विनीत बिष्ट ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना है।नगर के एक होटल सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान फुटबॉल एसोसिएशन अध्यक्ष ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन बिठौरिया क्लब हल्द्वानी और फुटबॉल एसोसिएशन अल्मोड़ा की ओर से किया जा रहा है। बताया कि प्रतियोगिता के लीग मुकाबले अल्मोड़ा,पिथौरागढ़ और चंपावत में खेले जाएगें। जिसका शुभारंभ आगामी 12 फरवरी को हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश भर की छह टीमें हिस्सा ले रही है। जिसमें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रतिभाग करेगें। बताया कि फाइनल प्रतियोगिता 22 फरवरी को हल्द्वानी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में विजेता टीम को छह लाख, उपविजेता टीम को तीन लाख रुपये और ट्राफी प्रदान कर पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, उद्घाटन समारोह के दौरान वरिष्ठ और युवा खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।यहां प्रेस वार्ता में भैरव गोस्वामी,अजय वर्मा, विनीत बिष्ट,सौरभ वर्मा,मनीष कनवाल,देवेंद्र भट्ट,अकरम खान,मोहित मेहता समेत अन्य मौजूद रहे।
