अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के मामले में एंटी रैगिंग कमेटी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई की है। कमेटी ने चार सीनियर छात्रों पर सामूहिक रूप से 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है, जबकि दो छात्रों को छह माह के लिए कॉलेज की शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।मामला 28 जनवरी की रात का है, जब एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के कुछ छात्रों ने प्रथम वर्ष के छात्रों को छात्रावास के कमरे में बुलाया। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने जूनियरों के साथ दुर्व्यवहार किया और रैगिंग की। एक सीनियर छात्र द्वारा जूनियर से जबरन प्रयोगात्मक फाइल में काम कराने का दबाव बनाया गया। मना करने पर उसे डराया-धमकाया गया और भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई।घटना के बाद सहमे जूनियर छात्रों ने कॉलेज प्रशासन को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर काउंसिल सभागार में एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम सदर संजय कुमार ने पीड़ित छात्रों के बयान दर्ज किए और सभी पक्षों को सुना।जांच के बाद कमेटी ने छह सीनियर छात्रों को दोषी पाया। उन्हें सख्त चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में इस तरह की किसी भी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उन्हें छात्रावास से निष्कासित किया जाएगा।बैठक में प्राचार्य डॉ. सी.पी. भैसोड़ा, एसडीएम संजय कुमार, वी.एस. मनकोटी, डॉ. प्रीत इंदर सिंह, डॉ. हेमंत कुमार दत्त, डॉ. सुनीता, डॉ. नीतू चौधरी, डॉ. अंजलि वर्मा, डॉ. मनीष भट्ट सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


