अल्मोड़ा-जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड हवालबाग की न्याय पंचायत खत्याड़ी में जन मिलन केंद्र पर एक बहुउद्देशीय शिविर/कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में ही जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना रहा।शिविर में उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय जलागम परिषद उत्तराखंड सरकार शंकर कोरंगा,ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू एवं जिला विकास अधिकारी एसके पंत द्वारा संयुक्त रूप से जनसुनवाई की गई।इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।कोरंगा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में ही जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना है। इसलिए अधिकारी शिविर में आई समस्याओं को गंभीरता से लें और उनका निस्तारण करें।शिविर में न्याय पंचायत खत्याड़ी क्षेत्र के गणमान्य जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया गया।आयोजित शिविर में कुल 89 शिकायतें विभिन्न विभागों में पंजीकृत की गईं जिनमें से 77 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों के निर्माण हेतु 590 आवेदन पत्र भरवाए गए तथा 687 व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।जनप्रतिनिधियों द्वारा कहा गया कि इस प्रकार के शिविर शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही संभव हो पा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष लंबित शिकायतों का भी शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *