अल्मोड़ा-जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है।इस संबंध में कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज़ कर लिया है।पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार ग्राम मटेला, कोसी अल्मोड़ा निवासी नरेन्द्र सिंह बिष्ट गुरुवार को अपने एक साथी के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पंजीकरण एवं शुल्क कक्ष में तैनात कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और नकदी काउंटर में हाथ डालने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्होंने अन्य कर्मचारियों को मोबाइल से वीडियो बनाकर डराने-धमकाने की कोशिश की। कर्मचारियों का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की,कर्मचारियों की छवि धूमिल करने का प्रयास किया और अस्पताल में मौजूद मरीजों व उनके तीमारदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।आरोप यह भी है कि आरोपी ने कर्मचारियों को भविष्य में देख लेने की धमकी दी। इस मामले में ढूंगाधारा अल्मोड़ा निवासी प्रेम पवार और बसंत बल्लभ कांडपाल की ओर से कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर दी गई है। तहरीर में आरोपी नरेन्द्र सिंह बिष्ट, निवासी ग्राम मटेला, ब्लॉक हवालबाग, जिला अल्मोड़ा के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस प्रकरण में उचित दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो जिला चिकित्सालय में कार्यरत कर्मचारी और चिकित्सक कार्य बहिष्कार के लिए बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।वहीं इस मामले पर द्वितीय पक्ष की तरफ से भी तहरीर दी गई है और अस्पताल के कर्मचारियों के विरुद्ध मारपीट के सम्बन्ध में तहरीर दी गई है।पुलिस दोनों पक्षों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *