अल्मोड़ा-अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग और वीआईपी की गिरफ्तारी की मांग को अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में आज अल्मोड़ा की सड़को पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता आज गांधी पार्क में एकत्रित हुए और जोरदार प्रदर्शन किया।इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे बाजार में आक्रोश रैली निकाली।विधायक के नेतृत्व में निकली इस आक्रोश रैली में सैकड़ों लोगों ने अपनी भागेदारी की और एक सूत्रीय मांग के रूप में अंकिता हत्याकांड की सी बी आई जांच एवं वीआईपी की गिरफ्तारी की मांग की।विधायक तिवारी ने कहा कि
उत्तराखण्ड की बेटी अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।यह केवल एक बेटी की हत्या नहीं बल्कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की भयावह स्थिति का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के बजाय भाजपा सरकार आरोपियों को बचाने में लगी हुई है।इतने गंभीर मामले में अब तक मुख्य साजिशकर्ताओं को बचाया जाना सरकार की नीयत पर बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े साक्ष्यों को जानबूझकर कमजोर किया गया बुलडोजर चलाकर सबूत मिटाने की साजिश रची गई और वीआईपी कनेक्शन को बचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि भाजपा सरकार किसे बचा रही है?यदि सरकार में नैतिक साहस है तो इस मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई या सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए।उन्होंने मांग की कि सभी दोषियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए तथा पीड़िता के परिजनों को शीघ्र न्याय मिले।कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंकिता को न्याय दिलाने तक चैन से नहीं बैठेगी और सड़कों से लेकर सदन तक इस लड़ाई को मजबूती से लड़ेगी।इस दौरान उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या ने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में राज्य की भाजपा सरकार ने न्याय दिलाने के बजाय आरोपियों को बचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जब एक निर्दोष बेटी के साथ इतनी गंभीर घटना होती है और सरकार की जवाबदेही तय नहीं होती तो यह प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।उनका कहना था कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलेगा,तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।प्रदर्शन एवं जुलुस में विधायक मनोज तिवारी, जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा,पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी,महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, जिला महामंत्री गीता मेहरा,महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट,पूर्व दर्जा मंत्री पूरन रौतेला, पीतांबर पांडे,जिला महामंत्री दीवान सतवाल, पार्षद वैभव पांडे,अनूप भारती, दीपक कुमार,दीप सिंह डांगी,विनोद वैष्णव,पवन मेहरा,मोहन देवली,हर्ष कनवाल,परितोष जोशी,ललित सतवाल,सुशील साह सहित लगभग एक हजार से अधिक लोग शामिल रहे।

