अल्मोड़ा-विधानसभा अल्मोड़ा बारामंडल के विधायक मनोज तिवारी ने शनिवार को विकासखंड भैंसियाछाना के अंतर्गत ग्राम सल्ला के तोक कपड़खान का भ्रमण कर ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही कई समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त सूबेदार पूरन सिंह देवड़ी ने की, जबकि संचालन कांग्रेस जिला महामंत्री दिनेश पिलख्वाल ने किया। कपड़खान तोक के ग्रामीणों ने विधायक को पेयजल संकट, बंदरों और सूअरों के आतंक तथा सोलर लाइट की कमी जैसी समस्याओं से अवगत कराया। समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक मनोज तिवारी ने पेयजल टैंक निर्माण के लिए विधायक निधि से चार लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पेयजल टैंक निर्माण में अतिरिक्त धन की आवश्यकता पड़ी तो धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। विधायक ने खेती को नुकसान पहुंचा रहे बंदरों और सूअरों से निजात के लिए तारबाड़ तथा सोलर लाइट की व्यवस्था कराने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर धनराशि स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई बढ़ती जा रही है, बेरोजगारी के कारण नौजवान परेशान हैं और महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर मौन है। उन्होंने कहा कि इसका जवाब जनता आने वाले चुनावों में देगी। कार्यक्रम में ग्राम सल्ला के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश ठठोला, सेवानिवृत्त सूबेदार पूरन सिंह देवड़ी, पूर्व प्रधान बलवंत टम्टा, पूर्व प्रधान हर्ष सिंह, पूर्व प्रधान मैचोड़ मोहन सिंह, त्रिलोक देवड़ी, दिनेश देवड़ी, अधिवक्ता रघुवर देवड़ी, ईश्वर देवड़ी, शांति देवड़ी, पार्वती देवड़ी, लक्ष्मण देवड़ी, महेश देवड़ी, त्रिवेंद्र देवड़ी, ललित देवड़ी, गोविंद पिलख्वाल, नैन सिंह, गोविंद राम, मोहन राम, हर राम, शेर राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *