अल्मोड़ा-जिला कांग्रेस कमेटी के शिष्टमंडल ने आज भाजपा आई टी सेल एवं उसके पूर्व प्रमुख शेखर वर्मा द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर फैलाए गए भ्रामक,झूठे और मानहानिकारक दुष्प्रचार के विरोध में कोतवाली अल्मोड़ा में शिकायत दर्ज कराने हेतु प्रार्थना पत्र सौंपा।कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने बताया कि दिनांक 21 नवम्बर 2025 को देहरादून के वन विभाग मुख्यालय राजपुर रोड पर राज्य में बढ़ते वन्यजीव मानव संघर्ष और उससे हो रही जनहानि को लेकर एक शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया था।इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केवल प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति के रूप में प्लास्टिक खिलौना बन्दूक का उपयोग किया जिससे जनभावना को दर्शाया जा सके।लेकिन भाजपा आईटी सेल एवं उसके पूर्व प्रमुख शेखर वर्मा ने राजनीतिक द्वेषवश इस प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति को तोड़-मरोड़कर प्रदेश अध्यक्ष को विभिन्न आतंकवादी संगठनों के प्रमुख के रूप में प्रस्तुत करते हुए सोशल मीडिया में प्रसारित किया जो फेक न्यूज,मानहानि और आईटी अधिनियम का उल्लंघन है।जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का यह कृत्य लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर हमला है, आरोपियों पर शीघ्र विधिसम्मत धाराओं में आपराधिक प्राथमिकी दर्ज कर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिये।कांग्रेस जिला प्रवक्ता निर्मल रावत ने कहा कि यह कृत्य न केवल जनता को गुमराह करने वाला है, बल्कि राजनीतिक संवाद की स्वस्थ मर्यादाओं के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे दुष्प्रचार को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ विधिसम्मत धाराओं में कठोर कार्रवाई अति आवश्यक है ताकि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति ना हो।कांग्रेस शिष्टमंडल मे जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, जिला प्रवक्ता निर्मल रावत एवं विनोद वैष्णव शामिल थे।
