अल्मोड़ा-अल्मोड़ा में यातायात पुलिस एवं इंटरसेप्टर प्रभारी सुमित पांडे ने आज भैरव मंदिर के आस पास नो पार्किंग के बोर्ड लगवाए।उन्होंने बताया कि कल से यहां पर सड़क किनारे दो पहिया वाहन खड़े करना प्रतिबंधित रहेगा।विदित हो कि लंबे समय से भैरव मंदिर से आगे लगभग सौ मीटर तक स्थानीय लोगों को लगातार जाम का सामना करना पड़ रहा था। सड़क किनारे खड़े दो पहिया वाहन इसका सबसे बड़ा कारण हैं। पुलिस के द्वारा इसका संज्ञान लेते हुए आज भैरव मंदिर से सौ मीटर तक नो पार्किंग के बोर्ड लगाने का कार्य किया गया। इंटरसेप्टर प्रभारी ने बताया कि कल से यदि इस स्थान में सड़क के किनारे दो पहिया वाहन पार्क किए गए तो चालानी कार्यवाही की जायेगी।जनहित में पुलिस की ये कार्यवाही बेहद सकारात्मक एवं आवश्यक थी।उम्मीद है कि कल से यहां पर सड़क किनारे दो पहिया वाहन ना लगने से जनता को जाम के झाम से मुक्ति मिलेगी। लेकिन इसके साथ ही भैरव मंदिर के बगल में नवनिर्मित पार्किंग के प्रारंभ ना होने से भी दो पहिया वाहनों को पार्क करने की दिक्कतें आम जनता के सामने पेश आ रही हैं। लोगों का कहना है कि जब पार्किंग बनकर तैयार है तो इसका संचालन होना चाहिए। अनेकों बार इस पार्किंग के संचालन की मांग उठी है। नंदादेवी मेले के दौरान इस पार्किंग को कुछ दिन के लिए संचालित भी किया गया था लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया। जनहित के दृष्टिगत इस पार्किंग को खोला जाना वक्त की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *