अल्मोड़ा-लमगड़ा थाना क्षेत्र के सांगड़ साहू गांव में एक वृद्ध महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई,जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 60 वर्षीय गंगा देवी, पत्नी मोहन सिंह, निवासी सांगड़ साहू के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार गंगा देवी घर में अकेली रहती थीं। उनके पति मोहन सिंह लमगड़ा में रेस्टोरेंट संचालित करते हैं और अधिकांश समय वहीं रहते हैं। बताया गया कि 14 नवंबर की सुबह जब गंगा देवी काफी देर तक नहीं उठीं तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। पड़ोसियों ने घर जाकर देखा तो दरवाजा खुला हुआ था और गंगा देवी बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थीं। घटना की सूचना मिलने पर पति मोहन सिंह घर पहुंचे, जबकि दूसरे राज्य में नौकरी कर रहा मृतका का बेटा भी गांव पहुंच गया। इस मामले की जानकारी पुलिस को 16 नवंबर की सुबह दी गई, जिसके बाद लमगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामला संदिग्ध लगने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा और पुलिस उपाधीक्षक गोपाल दत्त जोशी भी घटनास्थल पहुंचे और परिस्थितियों की जानकारी ली। पुलिस जांच में मृतका के गले पर निशान मिले हैं।परिजनों ने बताया कि गंगा देवी ने गले में गुलोबंद पहना हुआ था, जो गायब है, जबकि अन्य आभूषण सुरक्षित पाए गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन इस घटना को हत्या बता रहे हैं। थाना प्रभारी प्रमोद पाठक ने कहा कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। वहीं रविवार को पुलिस कप्तान देवेंद्र पींचा मौके पर पहुंचे और हालात की जानकारी ली। पुलिस कप्तान ने कहा कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *