अल्मोड़ा-आज सब्जी और फल उत्पादक गांव भल्यूड़ा के किसानों और ग्रामीणों ने विनय किरौला के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता से सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी पर आक्रोश जताया और अपनी समस्याओं का समाधान मांगा।पपरसली से भल्यूड़ा तक की सड़क का निर्माण कार्य वर्ष 2021 में शुरू हुआ था लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी यह अधूरा पड़ा है।गांव के लोग पिछले चार सालों से 1.5 किमी लंबाई की सड़क खोदी जाने के बाद निर्माण कार्य रुक जाने के कारण भारी कष्ट भुगत रहे हैं।ग्रामीणों ने बताया कि 2021 में सड़क कटान के दौरान पत्थर गिरने से भल्यूड़ा को जाने वाला पैदल मार्ग टूट गया, फिर सड़क की खुदाई हो गई लेकिन जल निकासी के लिए कोई नाली नहीं बनाई गई।नतीजतन उसी साल भारी बारिश में गांव की पानी की टंकियां और प्राकृतिक जल श्रोत भी क्षतिग्रस्त हो गए।वर्तमान में ग्रामीणों को अपने खेतों में उगी सब्जी व फल शहर ले जाने के दौरान टूटे-फूटे और खतरनाक मार्ग से गुजरना पड़ता है जिससे कभी भी पत्थर गिरने का डर बना रहता है।भल्यूड़ा गांव, अल्मोड़ा क्षेत्र में सब्जी और फल उत्पादकता के मामले में अग्रणी है।यहां ककड़ी,कद्दू,लौकी, प्याज,लहसुन,आलू के साथ-साथ खुबानी,आड़ू,माल्टा, एवोकाडो,ब्रोकली जैसी सब्जी और फल भी बड़ी मात्रा में की जाती है।लेकिन सड़क नहीं होने से उत्पादन बाजार पहुंचाना मुश्किल है और गांव विकास से वंचित रह जाता है।कृषि,उद्यान और अन्य विभाग भी योजनाएं लाने में असहज महसूस करते हैं।विगत जून माह में भी लोक निर्माण विभाग ने एक माह का समय दिया था, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। इस बार लोक निर्माण विभाग ने भरोसा दिलाया है कि दो माह के भीतर युद्ध स्तर पर सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दो महीनों में काम शुरू नहीं हुआ तो वे मजबूरन धरना,चक्का जाम व उग्र आंदोलन करेंगे।ग्रामीणों ने जिले के प्रशासन और लोक निर्माण विभाग विभाग से मांग की है कि भल्यूड़ा गांव की सड़क को शीघ्र बनाया जाए जिससे किसान और ग्रामीण विकास की ओर आगे बढ़ सकें।आक्रोश जताने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला,जिला पंचायत प्रत्याशी जीवन सिंह बिष्ट,संजय बिष्ट,मोहित सिंह बिष्ट,अतुल मेहरा,पवन बिष्ट, दीपक बिष्ट,शुभम बिष्ट, आकाश बिष्ट और अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
