अल्मोड़ा-हवालबाग में इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया।इस बार आयोजन में स्वतंत्रता दिवस की थीम भी शामिल की गई जिससे उत्सव का रंग और भी चटक हो गया।ग्रामवासियों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न खेल और प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रारंभ समिति हवालबाग द्वारा किया गया, जिसमें बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों के वर्ग में मानस मेहरा ने प्रथम स्थान और प्रांशी नेगी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।वहीं बड़ों के वर्ग में दिव्यांशा साह प्रथम और नवनीत नेगी द्वितीय स्थान पर रहे।कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में बच्चों के वर्ग में श्लोक नेगी ने बाजी मारी जबकि बड़ों के वर्ग में काव्या ने प्रथम स्थान हासिल किया।क्विज़ प्रतियोगिता में भी रोमांच देखने को मिला जहां भूमिता और दिव्यानी की टीम ने पहला स्थान पाया,जबकि मयंक और हर्षित की टीम दूसरे स्थान पर रही।
पूरे आयोजन में भक्ति,उमंग और देशभक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला।जन्माष्टमी की सजावट और खेलों ने जहां कृष्ण जन्मोत्सव की आनंदमय छटा बिखेरी वहीं स्वतंत्रता दिवस की थीम ने देशभक्ति की भावना को भी प्रबल किया।ग्रामवासियों का जोश और सहभागिता इस उत्सव को यादगार बना गई।


