अल्मोड़ा-जिले की सल्ट विधानसभा में हो रहे उपचुनाव में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन भी लगातार अपनी सक्रिय भूमिका का निर्वहन कर रहा है।इसी क्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी की संस्तुति से जिलाध्यक्ष पवन मेहरा ने सल्ट विधानसभा में छात्र छात्राओं के समर्थन और मतों को एकजुट करने के लिए ब्लाक स्तर पर पदाधिकारियों का मनोनयन किया है।जिलाध्यक्ष पवन मेहरा ने सल्ट ब्लाक में मोहित त्रिपाठी,स्याल्दे ब्लाक में पवन नेगी,भिकियासैंण ब्लाक में चंदन मठपाल को ब्लाक अध्यक्ष नियुक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने छात्र छात्राओं और युवाओ को जमकर छला है।उच्च शिक्षा और बढ़ती बेरोजगारी से युवा वर्ग बेहाल है जिसका खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ेगा।उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र छात्रा और बेरोजगार युवा साथी अपने मत की ताकत से बदला लेने के लिए तैयार हैं।उन्होंने नवनियुक्त ब्लाक अध्यक्षों से शीघ्र कार्यकारिणी विस्तार कर कांग्रेस प्रत्याशी गंगा पंचोली के पक्ष में छात्र छात्राओं को लामबंद करने का आह्वान किया।इस अवसर पर संगठन के प्रदेश महासचिव गोपाल मोहन भट्ट ने कहा कि सल्ट उपचुनाव में कांग्रेस भारी मतों से विजयी होगी और 2022 के चुनावों में पूरे प्रदेश में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।