अल्मोड़ा-उत्तरांचल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित 24वीं उत्तराखंड जूनियर और सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। छह दिवसीय इस प्रतियोगिता में राज्यभर के करीब 300 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल रहे। हेमवती नंदन बहुगुणा इंडोर स्टेडियम में हुए सीनियर डबल्स के रोमांचक फाइनल में अल्मोड़ा के ध्रुव रावत और देहरादून के शशांक क्षेत्री की जोड़ी ने अल्मोड़ा के चयनित जोशी और देहरादून के सोहिल अहमद को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। पुरुष एकल वर्ग में देहरादून के अंश नेगी ने अपने ही जिले के ध्रुव नेगी को मात दी, जबकि डबल्स में पिथौरागढ़ के निश्चल चंद और देहरादून के सूर्यांश रावत ने देहरादून के अभिनव कंडारी और उधमसिंह नगर के गर्व साहनी को हराया। महिला सीनियर एकल मुकाबले में देहरादून की अनुष्का जुयाल ने अक्षिता मंडल को हराया, जबकि महिला डबल्स में पिथौरागढ़ की एंजेल पुनेरा और देहरादून की आन्या बिष्ट की जोड़ी ने अल्मोड़ा की गायत्री रावत और मनसा रावत को शिकस्त दी। बालिका डबल्स में भी एंजेल और आन्या की जोड़ी विजयी रही, उन्होंने अक्षिता मंडल और साध्वी रौथान को हराया। बालिका एकल में अनुष्का जुयाल चोट के कारण मुकाबले से हट गईं, जिसके चलते वॉकओवर के आधार पर अक्षिता मंडल को विजेता घोषित किया गया। सीनियर मिक्स डबल्स में अल्मोड़ा के ध्रुव रावत और पिथौरागढ़ की एंजेल पुनेरा की जोड़ी ने देहरादून के शशांक क्षेत्री और आन्या बिष्ट को हराया। रविवार को हुए समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने अध्यक्षता की, जबकि उत्तरांचल बैडमिंटन संघ के चीफ पैट्रन व उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सभी विजेताओं को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। समारोह में बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी, कोषाध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल, अंतरराष्ट्रीय कोच डीके सेन, जिला खेल अधिकारी महेशी आर्या, जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष राकेश जायसवाल,गोकुल मेहता,डीके जोशी, डॉ. नंदन बिष्ट,अरविंद जोशी,अरुण बंग्याल सहित कई खेलप्रेमी व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *