अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के योग विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ नवीन भट्ट व डॉ विद्या नेगी द्वारा लिखित योग एवं आयुर्वेद के सिद्धांत पुस्तक का आज भव्य विमोचन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कर-कमलों द्वारा सम्पन्न हुआ।इस अवसर पर योग एवं आयुर्वेद को वैश्विक मंच पर पहुँचाने के लिए डॉ भट्ट के प्रयासों की सराहना की गई।विमोचन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि योग और आयुर्वेद हमारे जीवनशैली के मूल आधार हैं।डॉ नवीन भट्ट ने जिस समर्पण भाव से इन प्राचीन विदाओं को शोधपरक और व्यवहारिक दृष्टि से प्रस्तुत किया है,वह उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।उनकी पुस्तक आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर सिद्ध होगी।डॉ नवीन भट्ट ने अब तक योग,आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा,स्वास्थ्य विज्ञान और जीवनशैली प्रबंधन पर दर्जनों पुस्तकों का लेखन कर प्रदेश और देश को नई दिशा दी है।उन्होंने वैज्ञानिक शोध आधारित दृष्टिकोण से योग और आयुर्वेद के जटिल सिद्धांतों को सरल भाषा में प्रस्तुत कर विद्यार्थियों व शोधार्थियों के लिए अमूल्य सामग्री उपलब्ध कराई है।ज्ञान परंपरा और संस्कृति को समर्पित अल्मोड़ा का योग विभाग सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का योग विज्ञान विभाग डॉ भट्ट के नेतृत्व में निरंतर नये आयाम स्थापित कर रहा है।हाल ही में विभाग के कई विद्यार्थियों ने यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर विभाग और प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह विभाग शास्त्रीय योग के साथ-साथ आधुनिक शोध कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रचार-प्रसार के लिए डॉ. भट्ट जैसे विद्वानों के साथ मिलकर प्रदेश को ‘योग भूमि’ के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और डॉ. भट्ट को आगामी योजनाओं के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
