अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के योग विज्ञान विभाग ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि समर्पण और सही मार्गदर्शन से कोई भी बाधा सफलता के आगे टिक नहीं सकती।विभागाध्यक्ष डॉ नवीन भट्ट के कुशल निर्देशन में खटीमा के सीमांत गांव सरपुडा बग्गा चौवन निवासी वेदन पाल ने योग विषय में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) उत्तीर्ण कर क्षेत्र, विश्वविद्यालय और अपने माता-पिता का नाम गौरवान्वित किया है।पिता स्वामी नाथ जो खटीमा में रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और माता रमा सखी एक गृहिणी है।इनके बेटे वेदन पाल ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अथक परिश्रम और गुरु के आशीर्वाद से यह सफलता अर्जित की।डॉ नवीन भट्ट ने कहा कि वेदन की यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि यदि सही दिशा,अनुशासन और योग के प्रति समर्पण हो तो किसी भी पृष्ठभूमि का विद्यार्थी शिखर तक पहुँच सकता है।योग विज्ञान विभाग के लिए यह गर्व का क्षण है, और यह उपलब्धि सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगी।डॉ भट्ट के नेतृत्व में विश्वविद्यालय का योग विभाग निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है, जहाँ ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थी भी उत्कृष्टता की ओर अग्रसर हो रहे हैं। छात्र वेदन पाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता के साथ अपने गुरु डॉ नवीन भट्ट को देते हुए कहा कि डॉ भट्ट द्वारा समय समय पर दिए गए निरंतर मार्गदर्शन व प्रोत्साहन के कारण सफलता अर्जित की है।वेदन पाल की सफलता पर सीमांत गांव सरपुडा के ग्रामीणों ने बधाईयां दी।
