पिथौरागढ़-पिथौरागढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में आयी प्राकृतिक आपदा की ओर सरकार तथा प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के लिए आज पिथौरागढ़ के कांंग्रेसजनों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन में कांंग्रेसजनों ने कहा कि इस वर्ष मौसमी बारिश ना होने से क्षेत्रवासियों को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।रवि की फसल सूख चुकी है और ग्रामीण क्षेत्रों में अकाल तथा भुखमरी की स्थिति बन चुकी है।बारिश ना होने से पेयजल स्त्रोत सूख चुके हैं व लोगों को पांच से दस किलोमीटर चलकर पेयजल की व्यवस्था करनी पढ़ रही है।बारिश ना होने से जंगलों में भीषण आग लगी है तथा वातावरण धुंए से भर गया है।लोगों के घरों तक यह आग पहुंच चुकी है।किसानों द्वारा अपने मवेशियों हेतु जमा किये गये सूखी घास के भण्डार जलकर राख हो गये हैं।ज्ञापन के माध्यम से मांग की गयी कि पूरे क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित कर अन्न की व्यवस्था की जाए तथा मुआवजा दिया जाए।पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामों में पेयजल मंत्री की घोषणाओं के अनुरूप खच्चरों से पेयजल व्यवस्था अविलम्ब कराई जाए।जंगलों में लगी आग को बुझाने के लिए आपातकालीन उपाय किए जाएं तथा इस कार्य में स्थानीय ग्रामीणों को उचित मानदेय देकर उनका सहयोग किया जाए।वन विभाग की लापरवाही से भीषण रूप ले चुकी आग से ग्रामीणों को हो रही क्षति की पूर्ति के लिए भी उचित मुआवजा दिया जाए।वनाग्नि को बुझाने के लिए प्रतिवर्ष प्रत्येक प्रभागीय वनाधिकारी को करोड़ो रूपये का बजट आवंटित होता है किन्तु उसमें हेराफेरी कर वन विभाग के अधिकारी समस्त बजट डकार जाते हैं जिसकी उच्चस्तरीय जांच अविलम्ब कराई जाए।ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी देते हुए कहा गया कि इस अत्यधिक लोक महत्व के कार्य कर यथाशीघ्र कार्यवाही प्रारम्भ ना होने पर एवं इस कार्य कर प्रशासन द्वारा लापरवाही अथवा विलम्ब करने पर कांंग्रेसजन सरकार/वन विभाग/प्रशासन के खिलाफ आगामी 6 अप्रैल से जिलाधिकारी कार्यालय में धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।ज्ञापन देने वालो में कांंग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर,प्रदेश उपाध्यक्ष मयूख महर,यूथ कांंग्रेस अध्यक्ष ऋषेन्द्र महर,खीमराज जोशी,कैलाश चन्द्र जोशी,भुवन पाण्डेय,मथुरादत्त जोशी,प्रकाश बिष्ट, रजत विश्वकर्मा, महिपाल बल्दिया,कमलेश कसन्याल, हीरासिंह बिष्ट, शंकर खड़ायत,त्रिलोक बिष्ट, शंकरलाल,राजेश शर्मा,मनोज कुमार,शिवम पन्त,कार्तिक खर्कवाल, बाब कन्याल,प्रदीप जोशी आदि शामिल रहे।
