अल्मोड़ा-कांग्रेस नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने अल्मोड़ा नगर निगम की बोर्ड बैठक लंबे समय से न होने पर नाराजगी जताते हुए शहरी विकास विभाग, देहरादून के निदेशक को पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने नगर निगम की बैठक जल्द आयोजित किए जाने की मांग की है। जोशी ने पत्र में लिखा है कि नगर निगम अल्मोड़ा की पिछली बोर्ड बैठक 29 अप्रैल 2025 को हुई थी, जिसके बाद अब तक कोई भी बैठक नहीं बुलाई गई है। वर्तमान में मानसून सक्रिय है और नगर क्षेत्र में जगह-जगह नालियां जाम हैं, रास्ते क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में बोर्ड बैठक न बुलाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और नगर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1959, जो उत्तराखंड में भी लागू है, के अनुसार प्रत्येक वर्ष कम से कम छह अधिवेशन आयोजित किया जाना अनिवार्य है। साथ ही दो बैठकों के बीच दो महीने से अधिक का अंतर नहीं होना चाहिए। जोशी के अनुसार, यह नियम भी फिलहाल टूट रहा है। पत्र में कहा गया है कि बोर्ड बैठक न होने के कारण पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को सामने नहीं रख पा रहे हैं और जनहित से जुड़े कार्य ठप पड़े हैं। जोशी ने निदेशक से अनुरोध किया है कि मामले का संज्ञान लेते हुए नगर निगम की बैठक जल्द से जल्द बुलाई जाए, ताकि शहर की समस्याओं का समाधान हो सके।

