अल्मोड़ा- उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और अल्मोड़ा जनपद में जिला पंचायत चुनाव के प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सोमवार से अल्मोड़ा जनपद के दौरे पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे जिला पंचायत चुनाव के मद्देनज़र पार्टी प्रत्याशियों के चयन, रणनीति और चुनावी रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए अल्मोड़ा व रानीखेत में कांग्रेस नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। प्रताप ने अल्मोड़ा रवाना होने से पहले बताया कि वे लगातार जिले के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में हैं और अब तक पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह कुंजवाल, रणजीत सिंह रावत, पूर्व प्रत्याशी गंगा पंचोली, अल्मोड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ‘गुड्डू भाई’, रानीखेत कांग्रेस अध्यक्ष दीपक किरोला सहित अधिकांश प्रमुख नेताओं से विस्तृत चर्चा कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी ब्लॉक स्तर तक चुनावी समीकरणों पर विचार कर रही है और सभी स्तर पर उत्साहपूर्ण माहौल है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी जिला पंचायत चुनाव में कांग्रेस एक बार फिर मजबूती से मैदान में उतरेगी और विजय हासिल करेगी। अल्मोड़ा दौरे से पहले धीरेंद्र प्रताप उत्तर प्रदेश के नोएडा भी गए, जहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती अल्मोड़ा जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष और द्वाराहाट विधायक मदन सिंह की धर्मपत्नी उमा सिंह बिष्ट का हालचाल जाना। उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे जल्द ही क्षेत्र में सक्रिय भूमिका में लौटेंगी। अल्मोड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने जानकारी दी कि 1 जुलाई को धीरेंद्र प्रताप अल्मोड़ा और रानीखेत में सुबह और शाम पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *