अल्मोड़ा-राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार एवं राज्य स्वच्छ गंगा मिशन,नमामि गंगे उत्तराखण्ड के संयुक्त तत्वावधान में पूरे प्रदेशभर में योग शिविरों के साथ-साथ वैदिक संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन एवं नमामि गंगे उत्तराखण्ड के संयुक्त तत्वावधान में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क योग शिविर आओ हम सब योग करें अभियान ने अल्मोड़ा जनपद में व्यापक प्रभाव छोड़ा है।जनसामान्य में योग के प्रति जागरूकता व नियमित अभ्यास की आदत डालने हेतु यह अभियान जन-जन तक पहुँच रहा है।
योग विभागाध्यक्ष डॉ नवीन भट्ट के नेतृत्व में संचालित यह अभियान विद्यालयों,ग्रामसभाओं,सार्वजनिक स्थलों व शैक्षणिक संस्थानों में सक्रियता से चल रहा है।ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल रानीधारा,स्पिन डेल्स पब्लिक स्कूल,राजा आनंद सिंह जीजीआईसी,सरस्वती शिशु मंदिर, हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम, प्राथमिक विद्यालय खत्याड़ी, सिमकिनी मैदान,डीडीयू कौशल केंद्र, तथा पीएम जीआईसी लोहाघाट समेत दर्जनों स्थानों पर प्रतिदिन निःशुल्क योग सत्र आयोजित हो रहे हैं।बच्चों, महिलाओं,युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की उत्साही भागीदारी ने इस कार्यक्रम को जनांदोलन का स्वरूप दे दिया है।नियमित योगाभ्यास से प्रतिभागियों को न केवल शारीरिक लाभ मिल रहा है,बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली की ओर भी उनका झुकाव बढ़ा है।यह योग महाअभियान 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक सतत जारी रहेगा, और इसके माध्यम से अल्मोड़ा जनपद के कोने-कोने में योग की ऊर्जा पहुँचाई जा रही है।
