अल्मोड़ा-राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने आज प्रसिद्ध कसार देवी मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की तथा समस्त मानव कल्याण की कामना की।राज्यपाल ने यहां ध्यान भी लगाया और इस शांत एवं दिव्य स्थान की प्रशंसा की।इस दौरान उन्होंने कहा कि वह स्वयं को भाग्यशाली समझते हैं, कि उनको पुनः कसार देवी मंदिर आने का अवसर मिला।उन्होंने कहा कि यहां आकर एक अलग ही सुकून और शांति का अहसास होता है।यह स्थान अपने आप में बहुत अलौकिक है।यहां की दिव्यता एवं शांति लोगों को आकर्षित करने वाली है।स्वामी विवेकानंद जैसे महान व्यक्तित्व ने यहां आकर ध्यान लगाया था, यह इस क्षेत्र की दिव्यता आध्यात्मिकता का प्रमाण है। यहां की प्राचीन परंपराएं एवं गाथाएं मंत्रमुग्ध कर देने वाली हैं।उन्होंने देश विदेश के पर्यटकों से अपील की है कि यहां जरूर आएं और इस स्थान की दिव्यता का अनुभव करें।अल्मोड़ा में जागेश्वर धाम,गोलू मंदिर, कटारमल जैसे कई अन्य प्रसिद्ध पर्यटक स्थल हैं।उन्होंने कहा कि पर्यटकों को यहां आकर इन क्षेत्रों के आध्यात्मिक और पौराणिक महत्व को जानना चाहिए।यहां आकर एक अलग ही अनुभूति का अहसास होता है।उन्होंने जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के कार्यों की प्रशंसा की तथा कहा कि वर्तमान में जिला प्रशासन बेहतरीन कार्य कर रहा है।आने वाले कल के लिए भी बेहतरीन कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासनों को बधाई दी।यहां जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी,उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार,तहसीलदार ज्योति धपवाल समेत मंदिर समिति के पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित उपस्थित रहे।






