अल्मोड़ा-जिले के भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में एक सनसनीखेत वारदात हुई है।जहां एक कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपनी मां की हत्या कर दी।इंसानियत को झकझोर देने वाली इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।राजस्व पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर शव अपने कब्जे में ले लिया है।मामला नैलवालपाली राजस्व क्षेत्र के कनगढ़ी गांव का है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 71 वर्षीय गाऊली देवी पत्नी मूसीराम का बड़ा बेटा आनंद राम सनकी प्रवृत्ति का है जो इन दिनों घर आया था और वह अपने परिवार से अलग दूसरे घर में रहता था।आरोपित की पत्नी और तीन बच्चे बाहर रहते हैं। बताया जा रहा है कि गत बुधवार सुबह गाऊली देवी,आनंद राम को राशन देने गई थी इसी दौरान उनका विवाद हुआ।आरोपित आनंद राम ने कुल्हाड़ी से अपनी मां की हत्या कर दी।हमले में गाऊली देवी की मौके पर ही मौत हो गई।बताया जा रहा है कि गांव में तीन चार ही मकान हैं जो एक दूसरे से काफी दूरी पर है।इस घटना की सूचना पास के दूसरे गांव के किसी व्यक्ति द्वारा एक दिन बाद बृहस्पतिवार सुबह राजस्व पुलिस को दी गई।राजस्व विभाग की टीम मौके पर गांव पहुंची।जहां मृतका के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। टीम ने शव को अपने कब्जे में लिया और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। मृतका गाऊली देवी अपने छोटे बेटे गोपाल राम के साथ रहती थी।गोपाल राम की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्यारोपी आनंद राम को गिरफ्तार कर लिया है।एसडीएम भिकियासैंण सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर सीएचसी भिकियासैंण में रखवाया गया है।शुक्रवार को रानीखेत चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।हत्यारोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है शुक्रवार को उसकी कोर्ट पेशी की जाएगी।इस हत्याकांड से कई सवाल भी उठे हैं।हत्या बुधवार सुबह हुई लेकिन राजस्व विभाग को इसकी सूचना 24 घंटे से अधिक समय बाद मालूम चल पाई।घटना की सूचना परिजनों द्वारा राजस्व विभाग या पुलिस को क्यों नहीं दी गई।क्या परिजन हत्या पर पर्दा डालना चाहते थे या फिर मृतका का छोटा बेटा व उसका परिवार मां की हत्या से अनभिज्ञ था।ऐसे तमाम सवाल जिनका जवाब फिलहाल राजस्व विभाग के अधिकारियों के पास नहीं है। एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि मामले की तह तक जाने के लिए आरोपित से गहराई से पूछताछ की जाएगी।
