अल्मोड़ा-अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने क्वारब में बने डेंजर जोन पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए आगामी 22 मई को जिलाधिकारी कार्यालय के घेराव का ऐलान किया।उन्होंने कहा कि क्वारब में भूस्खलन से सड़क क्षतिग्रस्त हुए आठ से बारह महीने हो गये हैं।अल्मोड़ा की जनता द्वारा,आम नागरिकों,राजनीतिक दलों,होटल एसोसिएशन,टैक्सी यूनियन द्वारा इस मुद्दे को उठाया गया लेकिन स्थिति जस की तस है।सरकार एवं प्रशासन का ध्यान केन्द्रित करने के लिए ज्ञापन भी दिए तथा कार्यकर्ताओं के साथ धरना भी दिया गया लेकिन स्थिति जस की तस है। उन्होंने कहा कि क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग है वहीं तीन जिलों बागेश्वर,अल्मोड़ा,पिथौरागढ़ को जोड़ने का काम करता है।वहां से हजारों पर्यटक,धार्मिक यात्री निकलते हैं। व्यापारियों का सामान तथा आवाजाही भी इसी रास्ते होती है।यह मार्ग पहाड़ की लाइफलाइन है। लेकिन आज स्थिति यह है कि मरीजों को हायर सेंटर रेफर में अन्य मार्गों को चयनित करना पड़ता है।लगातार मांग उठाने के बाद भी स्थिति जस की तस है। उन्होंने कहा कि जब सड़क सुधारीकरण के उनके द्वारा धरना किया गया था तब प्रशासन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी भी उपस्थित थे लेकिन बाबजूद इसके सुधारीकरण के लिए कोई गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि क्वारब पर नया पुल बनने से जो पोकलैंड मशीनें,जे सी बी चली उनके कारण यह भूस्खलन हुआ।कहा कि केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार लगातार आवाज उठाने के बाद भी कोई सकारात्मक कार्य नहीं किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री एवं सांसद के द्वारा पैसा स्वीकृति की बात कही जा रही है लेकिन कार्य में भारी शिथिलता है।सांसद केन्द्र में मंत्री भी हैं एवं उनकी अपनी लोकसभा में यह स्थिति होने के बाद भी कार्य में शिथिलता बरती जा रही है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि डेंजर जोन से होटल कारोबार प्रभावित हो रहा है तथा प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं।इससे महंगाई भी बढ़ रही है।इसके बाबजूद केंद्र सरकार, राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन संवेदनशील नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 22 मई को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर प्रशासन को नींद से जगाने का काम करेंगे। विधायक ने यह भी कहा कि बरसात का मौसम आने वाला है यदि बारिश में भूस्खलन से मार्ग बन्द हुआ तो जनता परेशान हो जाएगी।कहा कि महीनों से क्वारब में जेसीबी एवं पोकलैंड मशीन खड़ी हैं जिनका किराया सरकार पर चढ़ रहा है।इस बात से भ्रष्टाचार की गंध आ रही हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल,होटल एसोसिएशन,टैक्सी यूनियन से इस घेराव में भागीदारी की अपील की गयी है।इसके बाद जनता से संपर्क कर उनका भी सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस घेराव कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत,नेता प्रतिपक्ष सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी भागीदारी करेंगे।प्रैस वार्ता में जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज,महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुशील साह,भैरव गोस्वामी, पारितोष जोशी,धीरेन्द्र सिंह गैलाकोटी आदि उपस्थित रहे।
