अल्मोड़ा-पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के द्वाराहाट आगमन पर भाजपा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जोरदार स्वागत किया। दो दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे बहुगुणा ने ब्लॉक के तल्ली मिरई में भीम देव के घर पहुंच लाभार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने ग्रामीणों एवं पशु पालकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने कहा कि मुर्गी पालन, गोट वैली, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में सब्सिडी भी दी जा रही है। चौखुटिया, द्वाराहाट, भिक्यासैंण में पशुपालकों के लिए पायलट प्रोजेक्ट भी भी चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले में योजनाओं की जानकारी देने व लाभार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। जिससे कि योजनाओं का क्रियान्वयन सही से हो। इस दौरान विभागीय अफसर मौजूद रहे।मंत्री बहुगुणा के सम्मुख दूध का क्रय मूल्य बढ़ाने, सचिवों के लिए भविष्य निधि कोष का गठन, विकासखंड में पशुधन प्रसार अधिकारियों की नियुक्ति करने सहित अन्य मांगें रखीं। इसके अतिरिक्त उक्रांद के प्रदेश प्रवक्ता बीरेंद्र बजेठा ने डढ़ोली तथा गौचर क्षेत्र में व्याप्त पानी की कमी को दूर करने, रानीखेत डिपो की दिल्ली चलने वाली बस को असगोली तक चलाने के अतिरिक्त बेसहारा छोड़ दिए गए गोवंशियों और बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की आवाज भी उठाई।इसके बाद मंत्री बहुगुणा ने जागेश्वर धाम पहुंचकर दर्शन किये। और मंदिर के पुजारियों व स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान वह निजी कार्यक्रम में भी शामिल हुए।इंजीनियरिंग कॉलेज के विश्राम गृह में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैबनेट मंत्री का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, मंडल अध्यक्ष विजय बजेठा, कैलाश भट्ट, भूपेंद्र कांडपाल, विनोद भट्ट, नवल किशोर आर्या, राजेंद्र सिंह, सूरज उपाध्याय, चिंटू गोस्वामी, बीरेंद्र नेगी आदि मौजूद रहे।सोमवार को कैबिनेट मंत्री लोनिवि गेस्ट हाउस रुके हुए थे। सुबह-सुबह कालीखोली से मुख्य बाजार होते हुए दूनागिरी रोड साइन बाबा मंदिर तक गए। वहां से लौटते वक्त बाजार में लोगों से मिले हाल-चाल जाना। इस दौरान मंत्री ने कहा कि द्वाराहाट बहुत खूबसूरत स्थल है। पुनः आकर दूनागिरी मंदिर, महावतार बाबा की गुफा, दूनागिरी उद्यान व क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों से भी मुलाकात करेंगे।
